आगरा। एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल (AMP) के सहयोग से राहुल नगर, बोदला स्थित एम.एस.ए. हिंद स्कूल में शिक्षकों के लिए एक प्रभावी टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 25 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अज़हर उमरी ने “Child Psychology and Student Behaviour” विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए शिक्षकों को बच्चों के मनोविज्ञान, उनकी भावनात्मक आवश्यकताओं, व्यवहार संबंधी चुनौतियों तथा सकारात्मक शिक्षण वातावरण तैयार करने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता और व्यवहार अलग होता है, इसलिए शिक्षकों को संवेदनशील, धैर्यवान और प्रेरणादायी दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
दूसरे सत्र में अल्तमश खान ने “Supporting Students with Diverse Learning Needs” विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग सीखने की क्षमता और आवश्यकताओं वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें समावेशी एवं प्रभावी शिक्षा कैसे प्रदान की जा सकती है। उन्होंने आधुनिक शिक्षण तकनीकों और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया और इसे अपने शिक्षण कार्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

