आगरा। गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौ संरक्षण के समर्थन में 8 लाख हस्ताक्षर अभियान का संकल्प लिया गया और लोगों से व्यापक जनभागीदारी की अपील की गई।
कार्यक्रम की जिला संयोजिका हिमानी चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक करना और इस जनभावना को प्रशासन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य शोभायात्रा रही। रैली में सबसे आगे नंदी बाबा की आकर्षक झांकी चल रही थी, जबकि पारंपरिक वेशभूषा में सजे छोटे-छोटे बच्चों की युगल प्रस्तुतियों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। रैली में एक हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गौ सेवा और संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सुश्री अदिति कात्यायन, सुश्री प्रियंका शर्मा, संभाग प्रभारी श्यामा गोपाल सरस्वती, पवन समाधिया, पंडित धर्मवीर तोमर, अमरनाथ, सोनू शर्मा, राजीव शर्मा, सुनील शर्मा और जितेंद्र रावत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने भजन-कीर्तन के साथ गौ संरक्षण का संदेश दिया तथा गौ सम्मान आवाहन अभियान से संबंधित प्रार्थना-पत्र जिला अधिकारी को सौंपकर गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

