जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा, निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
आगरा। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के निर्देशानुसार बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के पूर्णकालिक सचिव श्री पंकज कुमार-I ने मानसिक चिकित्सालय स्वास्थ्य संस्थान, आगरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, आवास, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के उपरांत संस्थान में निवासरत मरीजों तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए सचिव श्री पंकज कुमार-I ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, विधिक अधिकारों तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए उपलब्ध विभिन्न कानूनी सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समान एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मानसिक चिकित्सालय स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश कुमार राठौर, अधीक्षक श्री अनिल सिसोदिया सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के विधिक जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित सभी प्रतिभागियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने के संदेश के साथ हुआ।
— जिला सूचना कार्यालय, आगरा

