आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र की नीतिबाग चौकी अंतर्गत नई आबादी पक्की सराय में मदीना मस्जिद के निकट जर्जर छज्जा गिरने से हुई दर्दनाक घटना पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मंगलवार शाम हुए इस हादसे में एक 11 वर्षीय छात्र तथा पापड़ और भेलपुरी की ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले रमेश राठौर (65 वर्ष) की मलबे में दबकर मृत्यु हो गई थी।
घटना की जानकारी मिलने पर छावनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुबे के पुत्र रवि दुबे ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान बसपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान तथा समाजवादी पार्टी के महानगर सचिव जमाल अहमद ने भी मृतकों के परिवारों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जर्जर मकान के छज्जे के मलबे में दबकर हुई असामयिक मौतों पर गहरा दुख जताते हुए राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है। हादसे के बाद मोहल्ले में मातम का माहौल है और लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जर्जर भवनों की समय रहते जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हादसे को लेकर क्षेत्रवासियों में भी गहरा दुख और आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जर्जर भवनों की नियमित जांच और मरम्मत सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन की सुरक्षा बनी रहे।

