आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पिन्नापुरा में हुई दुखद घटना के बाद मंगलवार को फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने विधायक छोटे लाल वर्मा डीसीपी अभिषेक अग्रवाल एवं एसीपी इमरान के साथ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी पीड़ा सुनी।
इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले में किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से उनकी विस्तृत वार्ता हुई है तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद ने स्पष्ट कहा, “कोई भी निर्दोष व्यक्ति जेल में नहीं रहेगा। यदि जांच में कोई निर्दोष पाया जाता है तो उसे तत्काल रिहा कराया जाएगा।” उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुलाकात के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं विधायक छोटे लाल वर्मा ने कहा कि वे लगातार सांसद एवं प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और मांगें सांसद के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने गंभीरता से विचार करते हुए न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

