लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी कार्यक्रमों में नेताओं के स्वागत की परंपरा में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अब स्वागत के लिए फूल-माला का उपयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस पर होने वाले खर्च को बचाकर संगठनात्मक और जनहित के कार्यों में लगाया जाए।
प्रदेश प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि नेताओं के पैर छूने जैसी परंपराओं से भी बचना चाहिए। इसके बजाय कार्यकर्ता पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।
हाल ही में दिल्ली से गाजियाबाद, मथुरा, लखनऊ, जौनपुर, अमेठी और वाराणसी के दौरे पर रहे राजेंद्र पाल गौतम का विभिन्न स्थानों पर करीब 80 से अधिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। दौरे के बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि स्वागत-सत्कार की औपचारिकताओं की बजाय संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश प्रभारी संगठन में बदलाव और कार्यशैली में सुधार को लेकर भी सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि यह फैसला कांग्रेस की सादगी, संसाधनों के बेहतर उपयोग और कार्यकर्ता-केंद्रित राजनीति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

