59 बोरियों में मिला स्टॉक, दो नमूने जांच के लिए भेजे, पूरा माल किया गया सीज
आगरा, 10 जुलाई। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश तथा उप जिलाधिकारी खैरागढ़ के आदेश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कागारौल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला घुरैला स्थित एक बंद गोदाम पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 बोरियों में रखी 1755 किलोग्राम खेसारी दाल बरामद की। बरामद दाल की अनुमानित बाजार कीमत 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार एवं रवीन्द्र सिंह परमार, नायब तहसीलदार खैरागढ़ हरिशंकर दुबे तथा थाना कागारौल के उपनिरीक्षक अनिल कुमार की संयुक्त टीम ने संदेह के आधार पर बंद गोदाम का ताला खुलवाकर निरीक्षण किया। जांच में 58 बोरियों में 30-30 किलोग्राम तथा एक बोरी में 15 किलोग्राम खेसारी दाल मिली।
टीम ने नियमानुसार खेसारी दाल के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए तथा शेष पूरे स्टॉक को विधिक प्रक्रिया के तहत सीज कर भवन स्वामी करण सिंह पुत्र हाकिम सिंह, निवासी नगला घुरैला, की अभिरक्षा में जांच रिपोर्ट आने तक सुरक्षित रखवा दिया।
निरीक्षण के दौरान भवन स्वामी करण सिंह ने अधिकारियों को बताया कि गोदाम किराये पर दिया गया था और उसमें रखी खेसारी दाल करीम खान पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम सिंहपुर, थाना रजावली, जनपद फिरोजाबाद की है। उन्होंने यह भी बताया कि 19 मई 2026 को हुई प्रवर्तन कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति दोबारा गोदाम पर नहीं आया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए कहा है कि यदि सीज की गई खेसारी दाल पर किसी व्यक्ति का वैध स्वामित्व या दावा है, तो वह इस सूचना के प्रकाशन की तिथि से 15 कार्यदिवस के भीतर रोजगार कार्यालय परिसर, एम.जी. रोड, साईं की तकिया चौराहा स्थित विभागीय कार्यालय में आवश्यक अभिलेखों सहित अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में कोई वैध दावा प्राप्त नहीं होने अथवा दावे के निस्तारण के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

