4 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन, 211 राजकीय आईटीआई में 10 नए ट्रेड भी शुरू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश आवेदन 11 जुलाई से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 4 अगस्त रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि इस बार टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश के 211 राजकीय आईटीआई में संचालित 10 नए आधुनिक ट्रेडों में भी प्रवेश का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप आईटीआई को आधुनिक बनाया जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
अधिशासी निदेशक एवं विशेष सचिव अभिषेक सिंह ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले अभ्यर्थियों को ओटीपी के माध्यम से मोबाइल नंबर का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
आवेदन शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) के लिए 250 रुपये, जबकि सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थी निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

