नई दिल्ली। फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम.ए. अबूशावेश ने भारत से वैश्विक शांति स्थापना में प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी अंतरराष्ट्रीय साख और ग्लोबल साउथ में नेतृत्वकारी भूमिका के चलते फिलिस्तीन-इजराइल संघर्ष सहित विश्व के विभिन्न विवादों में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
मशहूर पॉडकास्ट ‘एमके टॉक्स’ पर पत्रकार मोहसिन ख़ान के साथ विशेष बातचीत में राजदूत ने फिलिस्तीन में जारी मानवीय संकट पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मौजूदा परिस्थितियों में करीब 11 हजार सर्जरी लंबित हैं और जीवनरक्षक दवाइयों की गंभीर कमी बनी हुई है। उनके अनुसार, यह केवल राजनीतिक विवाद नहीं बल्कि मानवता से जुड़ा एक गंभीर संकट है, जिस पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय को तत्काल और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
राजदूत अबूशावेश ने कहा कि भारत और फिलिस्तीन के बीच करीब 75 वर्षों से मजबूत और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। ऐसे में भारत से यह अपेक्षा स्वाभाविक है कि वह शांति और संवाद को बढ़ावा देने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए।
बातचीत के दौरान युद्ध के दुष्प्रभाव, बच्चों के भविष्य, मानवीय मूल्यों और स्थायी शांति की संभावनाओं जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। राजदूत ने उम्मीद जताई कि दुनिया हिंसा के बजाय संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाएगी।
‘एमके टॉक्स’ पर यह विशेष साक्षात्कार जल्द प्रसारित किया जाएगा, जिसमें फिलिस्तीन के राजदूत के कई महत्वपूर्ण विचार और वैश्विक शांति को लेकर उनका दृष्टिकोण दर्शकों के सामने आएगा।

