आगरा। सिकंदरा स्थित डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में मंगलवार को उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल तथा आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह तथा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा के सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि आज का भारत युवाओं का भारत है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित ऐसे रोजगार मेले उद्योग जगत और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के बीच की दूरी कम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा के युवाओं में अपार प्रतिभा है और उन्हें अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं को कौशल विकास के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने रोजगार मेले के सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की सराहना की।
रोजगार मेले में बैंकिंग, फाइनेंस, आईटी, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी एवं अन्य क्षेत्रों की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, टेलीपरफॉर्मेंस, टीमलीज़ डिजिटल, स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट, नियोक्ता, एलआईसी, श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस, ठाकुर पब्लिशर्स, कोर्टयार्ड मैरियट, क्लार्क्स शिराज, एसीपीएल एक्सपोर्ट्स तथा अरविंद मोटर्स सहित कई प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं।

मेले में लगभग 1,500 युवाओं ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रही। सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे। विभागीय पोर्टल पर पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों के साथ-साथ मौके पर भी पंजीकरण की व्यवस्था की गई।
आयोजकों के अनुसार विभिन्न कंपनियों ने 15,000 रुपये से 37,000 रुपये प्रतिमाह तक के वेतनमान वाले पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। दिनभर चले साक्षात्कार के बाद सैकड़ों युवाओं का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर सौंपे गए।

चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने कहा कि डॉ. एमपीएस ग्रुप विद्यार्थियों के करियर निर्माण और बेहतर प्लेसमेंट के लिए निरंतर प्रयासरत है। वहीं सहायक निदेशक चंद्रचूड़ दुबे ने सभी प्रतिभागी कंपनियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. एमपीएस ग्रुप के अकादमिक निदेशक डॉ. विक्रांत शास्त्री, प्रशासनिक निदेशक डॉ. ए.के. गोयल, डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या राखी जैन, विभिन्न संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

