आगरा। जनपद आगरा में उर्स हज़रत शेख़ अमीर अबुल उला साहब के अवसर पर घोषित स्थानीय अवकाश की तिथि में परिवर्तन कर दिया गया है। अब पूर्व निर्धारित 23 जुलाई 2026 के स्थान पर 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को स्थानीय अवकाश रहेगा।
अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान ने बताया कि शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए घोषित स्थानीय अवकाशों के क्रम में पहले 23 जुलाई को उर्स के अवसर पर अवकाश घोषित किया गया था। हालांकि, दरगाह हज़रत सैयदना शाह अमीर अब्दुल्ला के सज्जादा नशीन एवं मुतवल्ली द्वारा प्रशासन को अवगत कराया गया कि इस वर्ष उर्स का मुख्य आयोजन 23 जुलाई के बजाय 25 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय अवकाश की तिथि भी उसी के अनुरूप परिवर्तित किए जाने का अनुरोध किया गया।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मनीष बंसल के आदेश के अनुपालन में 23 जुलाई 2026 को घोषित स्थानीय अवकाश निरस्त कर दिया गया है। अब 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को उर्स हज़रत अब्दुल उल्ला साहब के अवसर पर जनपद आगरा में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों, कार्यालयों एवं आमजन से संशोधित अवकाश तिथि के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की है।

