6 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, 7 अक्टूबर को वैदिक रीति से होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
आगरा। जनकपुरी महोत्सव 2026 के अंतर्गत भावना एस्टेट स्थित श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से 6 अक्टूबर को माता सीता का भव्य डोला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाला जाएगा। तीन दिवसीय जनकपुरी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों से लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है और उन्हें आयोजन से जोड़ते हुए कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि माता सीता का डोला श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर भावना एस्टेट रोड, होली पब्लिक स्कूल रोड, गणपति आशियाना रोड, केके नगर, नीरव निकुंज रोड, शिवा कुंज, अमर विहार कॉलोनी रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर पुनः श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेगा।
डोला यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा माता सीता का पुष्पवर्षा और आरती के साथ स्वागत किया जाएगा। भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, भक्ति संगीत और धार्मिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाएगा डोला मार्ग
जनकपुरी महोत्सव को लेकर डोला मार्ग और मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य स्वागत द्वार और मनमोहक पुष्प सज्जा के माध्यम से पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंगने की तैयारी है।
आयोजन समिति के अनुसार डोला मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। धार्मिक वातावरण को और अधिक भव्य बनाने के लिए भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन होगा।
7 अक्टूबर को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
जनकपुरी महोत्सव के दूसरे दिन 7 अक्टूबर को श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का दिव्य विवाह वैदिक परंपरा एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी धार्मिक रस्में पूरी की जाएंगी। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
डोला मार्ग का किया गया विस्तृत निरीक्षण
जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने माता सीता के डोला मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों से जनसंपर्क कर उन्हें आयोजन में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया।
समिति के सदस्यों ने स्थानीय नागरिकों से आयोजन को लेकर सुझाव भी लिए। स्वागत द्वार, विद्युत सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, पुष्पवर्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान पूरे डोला मार्ग का सूक्ष्मता से सर्वेक्षण किया गया। जिन मार्गों से होकर माता सीता का डोला निकलेगा, वहां सड़क की स्थिति, आवागमन और श्रद्धालुओं की सुविधा का जायजा लिया गया। समिति ने यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया कि डोला यात्रा के दौरान किसी श्रद्धालु अथवा आम नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सड़क, यातायात और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर
समिति द्वारा डोला मार्ग पर आवश्यक पुनर्निर्माण, यातायात प्रबंधन, विद्युत साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है। आयोजन समिति का उद्देश्य डोला यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य स्वरूप प्रदान करना है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की सामूहिक आस्था और सहभागिता का पर्व है। स्थानीय नागरिकों से लगातार संपर्क कर उन्हें आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि महोत्सव में अधिक से अधिक लोग सहभागिता कर सकें।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण एवं जनसंपर्क अभियान में संजय गोयल, मनोज बंसल, मनोज जादौन, राणा सुशील सिंह, संतोष कटारा, अंकुश मित्तल, आकाश गोयल (ग्वाला), धर्मेश जैन, नरेंद्र सिंह सेंगर, निमित्त पोरवाल, कपिल पोरवाल, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, एकता बंसल, शीतल अग्रवाल, आरती शर्मा, प्रभाकर शर्मा, दिलीप गुप्ता सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

