कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार और सत्ता से बाहर होने के बाद पार्टी में जारी राजनीतिक उठापटक थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक और बड़ा झटका लगा है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद और अभिनेत्री कोयल मल्लिक (रूक्मिणी मल्लिक) ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
कोयल मल्लिक ने नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा।
सूत्रों के मुताबिक, इस्तीफा देने के तुरंत बाद कोयल मल्लिक केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेंद्र यादव से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मिलने पहुंचीं। इससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों को और बल मिला है।
बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों में तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा से यह चौथा इस्तीफा है। इससे पहले सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी अपने राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दे चुके हैं। बाद में तीनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
भाजपा ने पार्टी में शामिल होने के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों नेताओं को पश्चिम बंगाल की खाली हुई राज्यसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया था। विधानसभा में भाजपा के मौजूदा संख्याबल को देखते हुए 24 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में इन तीनों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
कोयल मल्लिक के इस्तीफे ने बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज कर दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वह भी जल्द भाजपा का दामन थामेंगी या कोई नया राजनीतिक फैसला लेंगी।

