जयराम रमेश बोले— जरूरतमंद छात्र गूगल फॉर्म भरें, कांग्रेस की कानूनी टीम करेगी संपर्क; दिल्ली पुलिस ने अब तक 4 FIR दर्ज कीं
नई दिल्ली। पेपर लीक के मुद्दे पर जारी विरोध प्रदर्शनों और ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए तथा पुलिस कार्रवाई में घायल हुए छात्रों और युवाओं के लिए कांग्रेस ने कानूनी सहायता देने की घोषणा की है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने अपनी कानूनी टीम को निर्देश दिया है कि जरूरतमंद छात्रों और युवाओं को हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए कांग्रेस ने एक गूगल फॉर्म भी जारी किया है, जिसके माध्यम से प्रभावित छात्र अपना विवरण साझा कर सकते हैं। इसके बाद पार्टी की कानूनी टीम उनसे संपर्क करेगी।
उधर, 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और किसान संगठनों द्वारा आयोजित ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और झड़पों के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक चार एफआईआर दर्ज की हैं, जबकि दो अन्य मामलों में भी एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले संसद मार्ग, कनॉट प्लेस और अन्य थानों में दर्ज किए गए हैं। इनमें भारतीय न्याय संहिता (BNS), शस्त्र अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई झड़पों में 118 से अधिक पुलिसकर्मी और 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए, जबकि 20 से अधिक पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए। घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

