आगरा। ताजमहल भ्रमण के दौरान अलीगढ़ निवासी हारून अली का सात वर्षीय पुत्र सालिम भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गया। पश्चिमी गेट से बाहर निकलते समय परिवार से अलग हुए मासूम की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसी दौरान नीम तिराहा बैरियर की ओर रोते हुए जा रहे बच्चे पर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की नजर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ की। बच्चे ने बताया कि वह अपने माता-पिता से बिछड़ गया है।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले, रेडियो अनाउंसमेंट कराया और आरटी सेट के माध्यम से सभी ड्यूटी प्वाइंट्स को सूचना प्रसारित की। पुलिस की मुस्तैदी से महज 30 मिनट के भीतर बच्चे के परिजनों का पता लगाकर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और ताज सुरक्षा पुलिस व आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं मानवीय सेवा के लिए आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय अभियान में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, उपनिरीक्षक आशना बी., मुख्य आरक्षी विजय प्रताप, आरक्षी दुर्गेश कुमार तथा महिला आरक्षी गुड्डी देवी शामिल रहे।

