फर्रुखाबाद,। जिले के थाना कमालगंज क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में छत पर कपड़े उतार रहा एक मासूम 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के खिमसेपुर गांव निवासी प्रदीप, जो कमालगंज में किराये के मकान में रहकर राजमिस्त्री का कार्य करते हैं, उनका पुत्र सागर रविवार दोपहर करीब तीन बजे मकान की छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गया था। इसी दौरान मकान के पास से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही सागर की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारा। हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में सागर के पैर और कमर बुरी तरह झुलस गए। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमालगंज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने रिहायशी क्षेत्रों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को लेकर चिंता जताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

