फर्रुखाबाद। पांचाल घाट स्थित गंगा नदी के पुल की जर्जर स्थिति को लेकर भाजपा नेता विकास राजपूत ने प्रशासन और संबंधित विभागों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत के नाम पर हर वर्ष लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन मरम्मत कार्य की गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि वह दो-तीन महीने भी नहीं टिक पाता। उन्होंने इसे जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी और भ्रष्टाचार का उदाहरण बताया।

विकास राजपूत ने कहा कि पुल की खराब स्थिति के कारण लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, “जब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है, तब हमारे जिले की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। यह केवल अव्यवस्था नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि एनएच-730सी (NH-730C) के निर्माण कार्य में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या संबंधित पक्ष के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यह हाईवे अब लोगों के बीच “हादसों का हाईवे” बनकर रह गया है।
भाजपा नेता ने कहा कि सेंट्रल जेल चौराहा, बघार नाला और मसानी चौराहा जैसे संवेदनशील स्थानों पर अब तक न तो ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क हादसों में लगातार लोगों की जान जा रही है, लेकिन प्रशासन स्पीड ब्रेकर बनाने की अनुमति भी नहीं देता।
विकास राजपूत ने प्रश्न उठाया कि पिछले तीन वर्षों से पांचाल घाट गंगा पुल की स्थायी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई, जबकि हर साल मरम्मत के नाम पर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हों।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद पुल की गुणवत्ता सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि दो वर्ष पहले जनता को समर्पित शुकरुल्लापुर ओवरब्रिज भी कथित रूप से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है।
विकास राजपूत ने मांग की कि पुल की मरम्मत अनुभवी और प्रतिष्ठित कंपनियों से आधुनिक तकनीक के माध्यम से कराई जाए, ताकि टिकाऊ और सुरक्षित निर्माण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
(नोट: उपरोक्त सभी आरोप भाजपा नेता विकास राजपूत द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों पर संबंधित विभाग या प्रशासन की प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।)

