लखनऊ। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने हज-2027 के दौरान सऊदी अरब के जेद्दाह स्थित भारतीय दूतावास में अस्थायी प्रतिनियुक्ति पर नियुक्ति के लिए तीन प्रमुख पदों पर मुस्लिम अधिकारियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अधिकारी 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी पात्रता के अनुसार कोऑर्डिनेटर (प्रशासन) पद के लिए अखिल भारतीय सेवाओं अथवा संगठित केंद्रीय सिविल सेवा के ऐसे अधिकारी आवेदन कर सकते हैं, जो पे-लेवल 12 या 13 में कार्यरत हों।
वहीं हज अधिकारी पद के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार के सशस्त्र बलों अथवा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के ऐसे अधिकारी पात्र होंगे, जिनका पे-लेवल 8 से 11 के बीच हो।
इसके अलावा हज सुपरिंटेंडेंट पद के लिए सशस्त्र बलों के साथ-साथ ग्रुप ‘बी’ एवं ग्रुप ‘सी’ के नागरिक सेवा अधिकारी आवेदन कर सकते हैं।
सभी पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। मंत्रालय ने पात्र अधिकारियों से समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

