आगरा। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (Dr. MPS Group of Institutions) और उत्तर प्रदेश सरकार के क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, आगरा के बीच 10 वर्षों के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षरित हुआ है। इस दीर्घकालिक साझेदारी का मुख्य उद्देश्य युवाओं के करियर निर्माण और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
अगले 10 वर्षों तक दोनों संस्थान संयुक्त रूप से करियर काउंसलिंग, कैंपस प्लेसमेंट और विशाल रोजगार मेलों (Job Fairs) का आयोजन करेंगे। इस पहल से न केवल छात्रों का भविष्य संवरेगा, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार की शीर्ष रोजगार प्रदाता संस्था के साथ हुई इस साझेदारी को संस्थान ने एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
संस्थान के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आगरा के साथ हुए इस एमओयू को छात्र छात्राओं के रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कहीं।
इस अवसर पर संस्थान के अकादमिक निदेशक डॉ विक्रांत शास्त्री ने क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय के सहायक निदेशक श्री चंद्रचूड़ दुबे के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और समर्पित प्रयासों के कारण ही यह समझौता संभव हो सका है जिससे दोनों पक्षों और क्षेत्र के युवाओं को दूरगामी लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर डीन हास्पिटैलिटी एंड टूरिज्म हिमांशु आर्य, डीन सीएस डॉ आमेंद्र सिंह सहित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आगरा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

