नई दिल्ली, 1 अगस्त। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के दूसरे मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 4 विकेट से पराजित कर दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अंशुमन हुड्डा की घातक गेंदबाजी और अनमोल शर्मा की तेजतर्रार अर्धशतकीय पारी जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 18.1 ओवर में 165 रन पर समेट दिया। तेज गेंदबाज अंशुमन हुड्डा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 24 रन देकर 5 विकेट झटके। उन्होंने डेथ ओवरों में दीपक पुनिया, सिमरजीत सिंह, सूर्यांश रैना, मयंक रावत और ध्रुव कौशिक को आउट कर विपक्षी टीम की पारी को बिखेर दिया।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से अर्पित राणा ने 39 गेंदों पर 66 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। काव्य गुप्ता ने 22 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि ध्रुव कौशिक ने 20 रन का योगदान दिया। एक समय टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन हुड्डा की धारदार गेंदबाजी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साउथ दिल्ली की ओर से आयुष बदोनी ने दो विकेट, जबकि अमन भारती और अंकित डबास ने एक-एक विकेट लिया।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन अनमोल शर्मा ने 36 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को संभाल लिया। उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। प्रणव पंत ने 14 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष बदोनी ने सिर्फ 11 गेंदों पर 23 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से आशीष मीणा (2/24) और रौनक वाघेला (2/54) ने वापसी की कोशिश की, लेकिन करण गर्ग ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। प्रांशु विजयरण ने 17 रन और अंकित डबास ने नाबाद 6 रन का योगदान दिया।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 18.1 ओवर में 6 विकेट पर 169 रन बनाकर 11 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंशुमन हुड्डा को उनकी शानदार पांच विकेट की गेंदबाजी के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

