3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव, वायु सेना पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक से हो चुके हैं सम्मानित
नई दिल्ली। एयर मार्शल तेजपाल सिंह, एवीएसएम, वीएम ने 1 अगस्त 2026 को भारतीय वायु सेना के उप वायु सेना प्रमुख (Deputy Chief of the Air Staff) का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
एयर मार्शल तेजपाल सिंह ने 16 जून 1990 को लड़ाकू पायलट के रूप में भारतीय वायु सेना में कमीशन प्राप्त किया था। अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव हासिल किया है। वह कैटेगरी ‘ए’ क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर के साथ-साथ एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट भी हैं। उन्होंने भारतीय वायु सेना में कई महत्वपूर्ण परिचालन, कमान और स्टाफ नियुक्तियों की जिम्मेदारी संभाली है।
विशिष्ट सेवाओं के लिए मिले दो प्रमुख सम्मान
एयर मार्शल तेजपाल सिंह की विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा उन्हें जनवरी 2011 में वायु सेना पदक (वीएम) तथा जनवरी 2021 में अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) से सम्मानित किया गया।
उन्होंने एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती, एसवाईएसएम, एवीएसएम, वीएम से उप वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण किया है। एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती 31 जुलाई 2026 को 39 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं विशिष्ट सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हुए।
एयर मार्शल तेजपाल सिंह की नियुक्ति भारतीय वायु सेना के शीर्ष नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखी जा रही है। उप वायु सेना प्रमुख के रूप में उनका दायित्व वायु सेना की परिचालन क्षमता, योजना और भविष्य की क्षमताओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अहम रहेगा।
— टाइम्स ऑफ ताज

