नई दिल्ली, कार्यवाहक कप्तान आयुष दोसेजा की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत गत चैंपियन वेस्ट दिल्ली लायंस ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिल्ली प्रीमियर लीग के तीसरे मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स को 19 रनों से शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स को शुरुआत में ही सफलता मिली। प्रद्युमन सनन और ऋतिक शोकीन ने वेस्ट दिल्ली लायंस के दोनों सलामी बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर गत चैंपियन टीम को शुरुआती झटके दिए।
इसके बाद कार्यवाहक कप्तान आयुष दोसेजा ने शानदार जिम्मेदारी निभाते हुए पारी को संभाला और टीम की वापसी कराई। उन्होंने 52 गेंदों पर 84 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल रहे। अंतिम ओवरों में मयंक गुसाईं ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाए। उनकी पारी में चार शानदार छक्के शामिल रहे, जिसकी बदौलत वेस्ट दिल्ली लायंस ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 170 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले समाप्त होने तक केवल 28 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए।
इसके बाद आर्यन शर्मा और वैभव रावल ने 41 रन की साझेदारी कर टीम की पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन जैसे ही न्यू दिल्ली टाइगर्स वापसी करती नजर आई, मानन भारद्वाज ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहले 31 रन बनाकर खेल रहे आर्यन शर्मा को आउट किया और अगली ही गेंद पर ऋतिक शोकीन को गोल्डन डक पर पवेलियन भेज दिया। हालांकि दबाव के बीच मानन सहरावत ने 26 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम की उम्मीदें जिंदा रखीं, लेकिन अंतिम ओवरों में वेस्ट दिल्ली लायंस के गेंदबाजों ने शानदार संयम दिखाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से कुलवंत खेजरोलिया और मानन भारद्वाज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि शुभम दुबे और मयंक गुसाईं ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

