खुर्जा में ‘बड़े मियां’ कांवड़ियों को खिला रहे थे सोया वेज बिरयानी, बोले—भेदभाव का माहौल बताया गया, हकीकत कुछ और दिखी
अलीगढ़। दिल्ली से अलीगढ़ आते समय खुर्जा स्थित कैलाश हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे काफी भीड़ दिखाई दी। कौतूहलवश नजदीक पहुंचा तो देखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों को भोजन करा रहे थे। वहां बिरयानी की बिक्री हो रही थी। भीड़ देखकर मैं भी रुक गया।
जिस बड़े देग/पतीले में भोजन तैयार किया जा रहा था, वह देखकर लगा कि इसमें मांसाहारी बिरयानी या पुलाव बनाया जाता होगा। लेकिन जब जानकारी हुई तो पता चला कि सावन और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए यहां सोया वेज बिरयानी तैयार की जा रही है। मैंने भी इसका स्वाद लिया और यह बेहद स्वादिष्ट लगी।
सबसे खास बात यह रही कि भोजन बेचने वाले ‘बड़े मियां’ कांवड़ यात्रियों को बड़े ध्यान और साफ-सफाई के साथ भोजन करा रहे थे। कांवड़ यात्री भी बड़े चाव से भोजन कर रहे थे।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि ‘बड़े मियां’ का उल्लेख इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर पहले अलग तरह का माहौल और धारणाएं प्रस्तुत की जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सामान्य दिनों में चिकन बिरयानी बेचता होगा, वही सावन के दौरान कांवड़ यात्रियों के लिए सोया वेज बिरयानी बेच रहा है।
उन्होंने कहा कि उनके अनुभव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में इस व्यक्ति के व्यवसाय पर कोई आंच नहीं आई और न ही उसके मुस्लिम होने के कारण किसी प्रकार का धार्मिक भेदभाव या नुकसान दिखाई दिया।
प्रो. जसीम मोहम्मद के अनुसार, “एक भेदभाव का माहौल बताया गया, जो वास्तव में वहां दिखाई नहीं दिया।” उनके मुताबिक, खुर्जा में कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच आपसी सहयोग और सामान्य वातावरण देखने को मिला।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की। उनका कहना है कि राजमार्ग पर कांवड़ यात्रियों के लिए अलग लेन और सुरक्षा व्यवस्था किए जाने से यात्रियों तथा वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित रखने में मदद मिल रही है। इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को मिली।
प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शासन और प्रशासन की व्यवस्थाओं के चलते कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के अनुभव समाज में आपसी विश्वास और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हैं।

