आगरा: दीपावली अवकाश के दौरान ताजमहल पर भारी भीड़ के बीच मध्य प्रदेश के सतना जनपद से आए पर्यटक मोहम्मद आरिफ का 7 वर्षीय बेटा एफी ताजमहल घूमने के बाद पश्चिमी पार्किंग की तरफ जाते समय भीड़ में बिछड़ गया। गलती से बच्चा पुरानी मंडी बैरियर तक पहुंच गया, जबकि आरिफ के अन्य परिजन पश्चिमी पार्किंग में मौजूद थे।
परिजनों ने बच्चे के बिछड़ने की सूचना क्विक रिस्पांस टीम तृतीय के प्रभारी उप निरीक्षक शिवराज सिंह को दी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट मैसेज के माध्यम से बच्चे की तलाश शुरू की गई।
ताज सुरक्षा पुलिस और टीम के सहयोग से लगभग 40 मिनट में खोए हुए बच्चे को पुरानी मंडी बैरियर से खोजकर सुरक्षित रूप से परिजनों के हाथों सौंप दिया गया। बच्चे के मिल जाने पर परिजनों ने ताज सुरक्षा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्य में शामिल पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक चेकिंग अधिकारी सतीश चंद्र, उप निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव, महिला मुख्य आरक्षी मुन्नी देवी, मुख्य आरक्षी विजय प्रताप यादव, आरक्षी भानवेंद्र सिंह, महिला आरक्षी अनामिका सेंगर, महिला आरक्षी खुशबू और महिला आरक्षी शशि कुशवाहा शामिल रहे।
#ताजमहल #AgraNews #LostAndFound #TajSecurity #ChildSafety #QuickResponseTeam #FamilyReunited #DiwaliCrowd #TouristSafety #PoliceAlert

