पहली बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट, केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने मेडिकल टीम को किया सम्मानित
आगरा, । एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के इतिहास में आज एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया। कॉलेज में पहली बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। सिकंदराराऊ, हाथरस निवासी श्रीमती मीना जी ने अपने पति श्री महेंद्र सिंह कुशवाहा जी को अपनी किडनी दान कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी ने किडनी ट्रांसप्लांट में शामिल चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ एवं पूरी मेडिकल टीम को दुपट्टा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि एस.एन. मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की उत्कृष्ट चिकित्सा क्षमता, समर्पण और टीम भावना का प्रमाण है। साथ ही यह अंगदान के प्रति बढ़ती जनजागरूकता का भी सुखद परिणाम है।
गौरतलब है कि 16 सितंबर 2023 को आगरा के जीआईसी मैदान से अंगदान की मुहिम का शुभारंभ किया गया था। इस अभियान में 8,003 लोगों ने अंगदान की शपथ लेकर इसे जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया था। एस.एन. मेडिकल कॉलेज में हुआ यह सफल किडनी ट्रांसप्लांट उसी संकल्प के सकारात्मक और प्रेरणादायी परिणाम के रूप में देखा जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए किडनी ट्रांसप्लांट में शामिल सभी चिकित्सकों, विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ एवं पूरी मेडिकल टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों को जीवन का अमूल्य उपहार देने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

सम्मानित होने वाली मेडिकल टीम में डॉ. अपूर्व जैन, डॉ. मुदित खुराना, डॉ. कैरवी भारद्वाज, डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. अंकुश गुप्ता, डॉ. विजय त्यागी, डॉ. प्रदीप देव, डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. योगिता द्विवेदी, डॉ. अर्चना अग्रवाल, डॉ. राजीव पुरी, डॉ. अतिहर्ष मोहन, डॉ. प्रवेंद्र पांडे सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
इस अवसर पर एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता जी ने केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एसआईसी डॉ. ब्रजेश शर्मा जी, गौरव शर्मा जी, नवीन गौतम जी, रोहित कत्याल जी, डॉ. प्रीति भारद्वाज जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अंगदान—महादान, किसी के जीवन में नई सुबह का वरदान। 🙏
