स्टेडियम इलेवन ने 2-1 से जीता हॉकी का फाइनल मुकाबला, खिलाड़ियों और निर्णायकों को वितरित किए पुरस्कार
आगरा,। हॉकी के विश्व प्रसिद्ध जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत 29 से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित हॉकी, जिमनास्टिक एवं टेबल-टेनिस प्रतियोगिताओं का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी खिलाड़ियों तथा निर्णायकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व क्रीड़ा अधिकारी एस.के. वार्ष्णेय रहे। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने बुके भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन के सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर एस.पी. द्विवेदी, सहायक अभियंता दीपक कुमार, आगरा मास्टर्स हॉकी के अध्यक्ष राजीव सोई, आगरा हॉकी के सचिव संजय गौतम, श्रीमती मीनाक्षी, श्री ललित पाराशर एवं फिरोज खान उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा ने मेजर ध्यानचंद और महाभारत के महान धनुर्धर एकलव्य के बीच समानता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महान व्यक्तित्वों ने एकाग्रता, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज कराया।
मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें दादा ध्यानचंद के संघर्ष और समर्पण से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देने की सलाह दी गई।
स्टेडियम इलेवन ने जीता हॉकी फाइनल
प्रतियोगिता के अंतिम दिन हॉकी का फाइनल मुकाबला स्टेडियम इलेवन और कैंट इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में स्टेडियम इलेवन ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
स्टेडियम इलेवन की ओर से अंश और उजैका ने गोल किए, जबकि कैंट इंटर कॉलेज की ओर से गोविन्द ने एक गोल किया।
विजेता स्टेडियम इलेवन की टीम में आजम, अंश, धारा सिंह, लवनीत, तौसिब, प्रिंस, वंश वर्मा, उजैका, योगेश कुमार, दानिश, आदित्य कुमार, शौर्य, प्रकाश, प्रिंस चौधरी, अनुराग चौधरी और दिव्यांश शामिल रहे। टीम के प्रशिक्षक श्री पवन कुमार रहे।
वहीं उपविजेता कैंट इंटर कॉलेज की टीम में गोविन्द, अमन कुमार, अनुराग, हर्ष बघेल, साबिर खान, अभिषेक कुमार, अरमान, इब्राहिम, विवेक कुशवाह, शाद, पीयूष कुमार, अमन अली, फैजान, अन्नत, कृष्णा और अयान ने प्रतिभाग किया। टीम के प्रशिक्षक श्री ललित पाराशर रहे।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में पूजा कुमारी, आरती, फिरोज, विनय, प्रशान्त शुक्ला, शाहिद अली, आशा कुमारी और मधु कुमारी ने अपनी भूमिका निभाई।
समापन अवसर पर हॉकी के साथ-साथ टेबल-टेनिस एवं जिमनास्टिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले निर्णायकों को भी पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
