आगरा। ताजनगरी के नाहरगंज क्षेत्र में सड़क किनारे स्थित एक बंद कुएं के आसपास लंबे समय से कूड़ा और गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के कारण कुएं के आसपास कीड़े-मकौड़े पनप रहे हैं और दुर्गंध से भी लोग परेशान हैं। क्षेत्र में संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय निवासी दानिश उस्मानी पुत्र गुड्डू उस्मानी ने बताया कि उनके घर के सामने सड़क पर एक बंद कुआं स्थित है। कुएं के आसपास काफी समय से कूड़ा और गंदगी जमा है। कई बार सफाई के लिए शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस संबंध में कई बार नगर निगम आगरा से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश, मिर्जा मुकर्रम बेग मुगल ने इस समस्या के संबंध में आगरा मंडलायुक्त को पत्र लिखकर जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र के माध्यम से बंद कुएं के आसपास जमा कूड़ा-गंदगी की सफाई कराने, कुएं को सुरक्षित कराने तथा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
क्षेत्रीय लोगों ने भी मंडलायुक्त और नगर निगम अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि गंदगी और उससे उत्पन्न होने वाली बीमारियों के खतरे से लोगों को राहत मिल सके।
