नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मशहूर टीवी पैनलिस्ट सैयद आसिम वकार ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। उनके कांग्रेस में शामिल होने से सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
आसिम वकार लंबे समय से AIMIM के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं और टीवी डिबेट्स में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते रहे हैं। वह करीब एक दशक तक AIMIM से जुड़े रहे। इससे पहले वह लगभग 20 वर्षों तक समाजवादी पार्टी में भी सक्रिय रहे थे।
आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने को असदुद्दीन ओवैसी के उत्तर प्रदेश मिशन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। AIMIM आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी कर रही है। ऐसे समय में पार्टी के एक प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ता का कांग्रेस में जाना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस में उनकी एंट्री में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की अहम भूमिका रही है। हालांकि, इससे पहले आसिम वकार ने कांग्रेस में शामिल होने की खबरों की न तो पुष्टि की थी और न ही खंडन किया था।
आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश की आगामी चुनावी राजनीति में मुस्लिम वोटों और विपक्षी दलों के बीच समीकरण को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
