अब दबंग दिल्ली से होगा खिताबी मुकाबला
दिल्ली : प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के सेमीफाइनल में पुनेरी पल्टन ने शानदार वापसी करते हुए तेलुगू टाइटंस को 50-45 से मात दी और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। बुधवार को त्यागराज इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के रेडर्स ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। अब पुनेरी पल्टन शुक्रवार को दबंग दिल्ली के खिलाफ खिताबी भिड़ंत खेलेगी।
मैच की शुरुआत में तेलुगू टाइटंस ने दबदबा बनाया और भरत हूडा के शानदार सुपर रेड के दम पर पल्टन पर पहला ऑल आउट लगाया, जिससे टीम ने 10-1 की बढ़त हासिल की। हालांकि, पुनेरी पल्टन ने हार नहीं मानी और पंकज मोहिते व आदित्य शिंदे ने बेहतरीन रेड्स से टीम को मुकाबले में बनाए रखा। पहले हाफ के अंत में टाइटंस 24-20 से आगे थे।

दूसरे हाफ में पुनेरी पल्टन ने गौरव खत्री के टैकल के दम पर टाइटंस पर दूसरा ऑल आउट किया। भरत हूडा (22 अंक) और विजय मलिक (10 अंक) ने टाइटंस के लिए सुपर 10 पूरे किए, लेकिन पुनेरी पल्टन के आदित्य शिंदे (21 अंक) और पंकज मोहिते (10 अंक) ने शानदार प्रदर्शन कर टीम को वापसी दिलाई।

खेल के आखिरी पांच मिनटों में कप्तान असलम इनामदार ने महत्वपूर्ण टैकल किया, जिससे पल्टन ने मुकाबले में पहली बार बढ़त हासिल की। इसके बाद आदित्य शिंदे ने चार अंकों की शानदार सुपर रेड लगाकर मैच को पूरी तरह पल्टन के पक्ष में कर दिया। अंत में पुनेरी पल्टन ने नौ अंकों की जबरदस्त वापसी करते हुए 50-45 से जीत दर्ज की और लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंच गई।
प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को दबंग दिल्ली के खिलाफ खेला जाएगा। लीग का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियोसिनेमा पर रात 7:30 बजे से होगा।

