आगरा: श्री कृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत बल्केश्वर गौशाला प्रांगण से मंगलवार को भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा भक्तिभाव और उल्लास के साथ निकली। मयूर रथ पर विराजमान दिव्य स्वरूपों के दर्शन होते ही हजारों श्रद्धालु “जय कन्हैया लाल की” के उद्घोष के साथ भावविभोर हो उठे।

36 आकर्षक झांकियों, ध्वज-पताकाओं, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा ने मार्ग को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। गणेश जी की अग्रदूत सवारी और विभिन्न लीला झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। शोभायात्रा में देशभक्ति का रंग भी दिखाई दिया, ऑपरेशन सिंदूर और भारत माता की सवारी के साथ वंदे मातरम की गूंज सुनाई दी।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने दीप प्रज्ज्वलन और आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, भक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और प्रमुख संरक्षक डॉ विजय किशोर बंसल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
शोभायात्रा मार्ग—जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरी घाट, छत्ता बाजार, दरेसी नं. 2, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, कसरेट बाजार, किनारी बाजार, सेवका बाजार, फुलट्टी, छिलीट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और पथवारी—से होकर पुनः गौशाला प्रांगण पहुँची।
बुधवार को होगी श्रीकृष्ण-रुक्मणी मंगल लीला
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को द्वारिकापुरी एवं रुक्मणी मंगल लीला का मंचन होगा। रुक्मिणी जी द्वारा प्रेम संदेश भेजने से लेकर द्वारिका में शुभ विवाह तक की लीला का अलौकिक प्रसंग प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पूर्व प्राचीन सीताराम मंदिर वजीरपुरा में पहली बार मेहंदी समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।

