थिम्पू: भारत से लाए गए भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों का एक अंश भूटान की राजधानी थिम्पू में प्रमुख मठ ताशिछोद्ज़ोंग में स्थापित किया गया। यह मठ भूटान की सर्वोच्च आध्यात्मिक और राजनीतिक संस्थाओं का केंद्र माना जाता है।
भारतीय दूतावास के अनुसार, इस समारोह में भूटान के प्रधानमंत्री छेरिंग तोबगे, कई केंद्रीय मंत्री और ताशिछोद्ज़ोंग के वरिष्ठ लोपेन के साथ-साथ भारत के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने भाग लिया।
यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूटान यात्रा से पहले आयोजित किया गया। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को परंपरागत चिपड्रेल शोभायात्रा, प्रार्थनाएँ, विशेष समारोह और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ ताशिछोद्ज़ोंग के ग्रैंड कुएनरे हॉल में स्थापित किया गया।
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, ये अवशेष 8 से 18 नवंबर तक थिम्पू में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखे जाएंगे। यह भारत और भूटान के बीच गहरी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंध का प्रतीक है। इन अवशेषों को ‘भगवान बुद्ध के पिपरहवा अवशेष’ कहा जाता है और इन्हें नई दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय में रखा गया है। यह दूसरी बार है जब ये पवित्र अवशेष भारत से भूटान भेजे गए हैं।

