मुख्य अतिथि एडीएम सिटी आगरा ने बढ़ाया कलाकारों का हौसला
आगरा | Times of TAJजिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आगरा में सहायक अध्यापकों, एआरपी एवं डायट प्रवक्ताओं हेतु दो दिवसीय “रंगांजलि कला–क्राफ्ट–संस्कृति प्रदर्शनी/महोत्सव” का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री यमुनाधर चौहान (एडीएम सिटी, आगरा) तथा उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य श्रीमती पुष्पा कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इस कला महोत्सव का उद्देश्य शिक्षकों में कला प्रतिभा, सांस्कृतिक चेतना एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है। कुल 81 शिक्षकों से प्राप्त आवेदनों में से 70 उत्कृष्ट प्रविष्टियाँ प्रदर्शनी हेतु चयनित की गईं।
मुख्य अतिथि श्री यमुनाधर चौहान ने कहा –“कला केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की आत्मा का प्रतिबिंब है। शिक्षकों की सृजनात्मकता जितनी सशक्त होगी, उतना ही बच्चों का भविष्य सुंदर और संवेदनशील बनेगा। ‘रंगांजलि महोत्सव’ प्रतिभा के विकास का उत्कृष्ट मंच है।”

उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित शिक्षकों की सभी कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा चित्रों की कथावस्तु में गहरी रुचि दिखाई।
श्रीमती पुष्पा कुमारी (उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य) ने कहा “जब शिक्षक कला से जुड़ते हैं तो शिक्षण स्वतः प्रभावशाली बन जाता है। रंग, आकार और संस्कृति बच्चों के सीखने को जीवन्त बना देते हैं। यह देखकर हर्ष है कि इतने अधिक शिक्षक उत्साहपूर्वक सहभागी बने।”
कार्यक्रम नोडल प्रभारी डॉ. डी. के. गुप्ता (प्रवक्ता, डायट आगरा) ने कहा –“‘रंगांजलि महोत्सव’ का उद्देश्य शिक्षकों में छिपी कला प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। शिक्षकों की रचनात्मक प्रस्तुतियाँ यह सिद्ध करती हैं कि कला शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी और आकर्षक बना सकती है।”
मुख्य अतिथि, डायट प्राचार्य, कार्यक्रम नोडल प्रभारी और कार्यक्रम संचालक द्वारा महोत्सव ब्रोशर का विमोचन भी किया गया।
शिक्षकों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स, क्राफ्ट, मॉडल, पपेट्स, सांस्कृतिक प्रतीक एवं विषय-आधारित कलाकृतियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रदर्शनी में प्राकृतिक जीवन, लोककला, अमूर्तन कला, आधुनिक कला, धार्मिक चित्र और जनजीवन से प्रेरित क्राफ्ट को उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षुओं द्वारा सराहा गया।
कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र प्रसाद गौतम (प्रवक्ता, डायट आगरा) ने किया।
इस अवसर पर डॉ. मनोज वार्ष्णेय, यशवीर सिंह, अनिल कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, यशपाल सिंह, हिमांशु सिंह, अबू मोहम्मद आसिफ, लक्ष्मी शर्मा, डॉ. प्रज्ञा शर्मा, रंजना पांडे, रचना यादव, कल्पना सिन्हा, मुकेश सिन्हा, लाल बहादुर, आकांक्षा लवानिया, गौरव भार्गव, अमित दीक्षित सहित कई प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

