कांग्रेस पार्षद ने स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग पर उठाए सवाल, कहा- पुरस्कारों के प्रचार के बजाय जनता को साफ-सुथरा शहर देने पर ध्यान दे सरकार
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण में राजधानी लखनऊ को लगातार दूसरी बार देशभर में तीसरा स्थान मिलने पर कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने प्रदेश सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार तीसरी रैंक हासिल करना कोई बड़ी उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वच्छता के क्षेत्र में शहर के ठहराव का प्रमाण है। सरकार और नगर निगम इसे उपलब्धि बताकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं, जबकि शहर की रैंकिंग में कोई सुधार नहीं हुआ है।
मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि जब पिछले सर्वेक्षण में भी लखनऊ तीसरे स्थान पर था और इस बार भी वही स्थान बरकरार है, तो इसे किस आधार पर उपलब्धि बताया जा रहा है? तीसरे स्थान पर बने रहना इस बात का संकेत है कि स्वच्छता के मामले में राजधानी अपेक्षित प्रगति नहीं कर सकी है। यह जश्न मनाने के बजाय आत्ममंथन करने का विषय है।
उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कों, गलियों, नालों और खाली प्लॉटों में आज भी कूड़े के ढेर नजर आते हैं। कई इलाकों में नियमित सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर नागरिक परेशान हैं। जब आम जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में स्वच्छता का बेहतर अनुभव नहीं मिल रहा है, तो केवल रैंकिंग के आंकड़ों के सहारे शहर की वास्तविक तस्वीर नहीं बदली जा सकती।
कांग्रेस पार्षद ने प्रदेश सरकार और नगर निगम के नेतृत्व से सवाल किया कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण के बाद सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कितने करोड़ रुपये खर्च किए गए? कितने नए लक्ष्य निर्धारित किए गए और उनका धरातल पर क्या परिणाम सामने आया? तीसरी रैंक बरकरार रहने के बावजूद शहर की स्वच्छता व्यवस्था में अपेक्षित बदलाव क्यों दिखाई नहीं दे रहा है?
उन्होंने कहा कि लखनऊ को केवल तीसरे स्थान पर बने रहने से संतुष्ट नहीं होना चाहिए था, बल्कि देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए था। सरकार और नगर निगम को पुरस्कारों के प्रचार और उपलब्धियों के दावों से आगे बढ़कर जनता को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित राजधानी देने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
