राया के पास माइलस्टोन 110 पर हुआ हादसा, यात्रियों का सामान जलकर राख; एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राया क्षेत्र में माइलस्टोन 110 के पास दिल्ली से छतरपुर जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते चलती बस आग की लपटों से घिर गई। बस में सवार करीब 40 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हालात की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और बस को तत्काल सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई।
बस में रखा यात्रियों का सामान जलकर राख
आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपना सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। बस में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने पर यमुना एक्सप्रेसवे की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दिल्ली से छतरपुर जा रही थी खजुराहो ट्रैवल्स की बस
बस चालक जितेंद्र, निवासी नौगांव (मध्य प्रदेश) ने बताया कि बस खजुराहो ट्रैवल्स की थी। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही थी। इसी दौरान राया क्षेत्र में अचानक बस में आग लग गई।
पुलिस के देर से पहुंचने पर यात्रियों में नाराजगी
हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। यात्रियों का आरोप था कि बस में आग लगने की घटना के कई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के कथित रूप से देर से पहुंचने को लेकर यात्रियों ने आक्रोश जताया।
सभी यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया
सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई।
समय रहते चालक द्वारा बस रोकने और यात्रियों के बाहर निकलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
TIMES OF TAJ | मथुरा
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी और संबंधित अधिकारियों के बयान पर आधारित है।
