खानकाह-ए-बरकातिया को दुल्हन की तरह सजाया गया, 20 से 22 नवंबर तक होंगे धार्मिक कार्यक्रम
शोएब कादरी | एटा।
जनपद एटा के प्रसिद्ध कस्बा मारहरा स्थित खानकाह-ए-बरकातिया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय उर्स-ए-कासमी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उर्स के मद्देनजर दरगाह शरीफ को गुजरात से आए कारीगरों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस बार दरगाह शरीफ की सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और इसे दुल्हन की तरह सजाया गया है।
उर्स का आगाज 20 नवंबर से होगा, जबकि 22 नवंबर को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ इसका समापन होगा। शुक्रवार से पहली महफिल का आयोजन किया जाएगा। उर्स को लेकर खानकाह में तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं।
उर्स-ए-कासमी खानकाह-ए-बरकातिया के अजीम बुजुर्ग हजरत सैयद शाह अबुल कासिम इस्माइल हसन उर्फ कासिम मियां की याद में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर चारों दिन मजहबी कार्यक्रमों और महफिलों का आयोजन होगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से प्रमुख उलेमा और धार्मिक विद्वान शिरकत करेंगे।
खानकाह-ए-बरकातिया के सज्जादानशीन सैयद नजीब हैदर नूरी ने बताया कि उर्स के दौरान चारों दिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें बाहर से कई बड़े मौलाना और उलेमा तशरीफ ला रहे हैं।
वहीं खानकाह-ए-बरकातिया के सज्जादानशीन सैयद मोहम्मद अमीन मियां कादरी की ओर से संदेश दिया गया है कि उर्स-ए-कासमी में महिलाएं और बच्चे हरगिज शामिल न हों।
पुलिस प्रशासन ने भी पूरी की तैयारियां
उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है। आयोजन के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
