मारहरा। खानकाहे बरकतिया, मारहरा शरीफ में आयोजित उर्स-ए-कासमी की तीसरी महफिल में भव्य मुकाबला-ए-किरात का आयोजन किया गया। इसमें देश के प्रतिष्ठित मदरसों और जामियाओं से आए छात्रों ने अपनी खूबसूरत आवाज और बेहतरीन अंदाज में किरात पेश कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुकाबले में अल जामिअतुल अशरफिया मुबारकपुर, गोंडा, बस्ती, बरेली शरीफ, लखनऊ सहित देश के विभिन्न बड़े मदरसों के छात्रों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में पहला स्थान मुरादाबाद स्थित जामिया अशरफिया हबीबिया बरकतिया के छात्र मोहम्मद आतिफ ने हासिल किया। उन्हें 50 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। दूसरा स्थान बलरामपुर के जामिया अरबिया अनवारुल कुरआन के महमूद आलम को मिला। उन्हें 25 हजार रुपये, मोबाइल फोन और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं तीसरा स्थान बस्ती जिले के मदरसा दारुल उलूम अलीमिया के मोहम्मद अफसान ने प्राप्त किया, जिन्हें 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर सैयद अशरफ मियां ने कहा कि ‘अहले सुन्नत की आवाज’ को प्रकाशित होते हुए 30 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इस वर्ष इसका 30वां शुमारा प्रकाशित हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस पत्रिका को अपने घरों तक जरूर पहुंचाएं।
सैयद नजीब हैदर ने सभी विजेता प्रतिभागियों को मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि सभी छात्र इसी तरह मेहनत और लगन के साथ तरक्की करते रहें। इसके बाद फातिहा पढ़ी गई और मुल्क व कौम सहित सभी लोगों के हक में विशेष दुआएं मांगी गईं।
कार्यक्रम में सैयद अमान मियां कादरी, वली अहद सज्जादानशीन खानकाह बरकतिया, सैयद उस्मान कादरी, सैयद हैदर हसन, सैयद मोहसिन, जामिया के प्रिंसिपल मौलाना इरफान, मौलाना असलम बरकाती, मौलाना शमी, कारी अकबर, कारी सदरुद्दीन, कारी यूनुस, कारी कौसर, कारी रहमतुल्लाह, मौलाना शादाब, हाफिज राशिद, फैज हसन एडवोकेट, शकील बरकाती, आफाक बरकाती, आमिर मुगल, वासिक बाग बरकाती, जुबेर बरकाती, साकिब नूरी, शोएब नूरी और फरीद नूरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन कारी इरफान बरकाती ने किया।
उर्स-ए-कासमी में लगाया गया पायाम-ए-बरकात का सदस्यता शिविर
मारहरा। उर्स-ए-कासमी के अवसर पर जायरीनों की सुविधा और संस्था से लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से पायाम-ए-बरकात का सदस्यता शिविर लगाया गया। शिविर में हाफिज राशिद, नजीमुल हसन बरकाती और चाहत बरकाती ने बताया कि संस्था की वार्षिक एवं त्रैमासिक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने उर्स में पहुंचे जायरीनों से अपील की कि वे पायाम-ए-बरकात की सदस्यता अवश्य ग्रहण करें और संस्था के संदेश एवं गतिविधियों से जुड़ें। शिविर के माध्यम से लोगों को सदस्यता की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया गया।
