मारहरा (एटा)। एटा जनपद के कस्बा मारहरा स्थित विश्वप्रसिद्ध दरगाह शरीफ खानकाह-ए-बरकातिया में आयोजित तीन दिवसीय उर्स-ए-कासमी का समापन कुल की महफिल और पवित्र तबर्रुकात की जियारत के साथ अकीदत व एहतराम के माहौल में हुआ। उर्स में देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन ने शिरकत कर अपनी अकीदत का इजहार किया।
उर्स के अंतिम दिन गुलशन-ए-बरकात पार्क में आयोजित कुल की महफिल को संबोधित करते हुए खानकाह-ए-बरकातिया के सज्जादानशीन डॉ. सैयद अमीन मियां कादरी ने कहा कि हमें मसलक-ए-आला हजरत के बताए रास्ते पर चलना चाहिए। यह कोई नया रास्ता नहीं, बल्कि वही रास्ता है जिसकी तालीम हमारे नबी ने 1400 साल पहले दी थी। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अपने बच्चों को हर हाल में तालीम जरूर दिलाएं, चाहे इसके लिए आधी रोटी खाकर ही गुजारा क्यों न करना पड़े।
महाराष्ट्र के मालेगांव से आए मशहूर आलिम-ए-दीन मौलाना अमीनुल कादरी ने समाज में बढ़ती बुराइयों से बचने और नेक रास्ते पर चलने की अपील की। दरगाह शरीफ मारहरा के सज्जादानशीन सैयद नजीब हैदर नूरी ने कहा कि हमें अपने मां-बाप का एहतराम करना चाहिए और गरीबों व बेसहारा लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने आगामी उर्स-ए-नूरी की तारीखों का ऐलान करते हुए बताया कि यह आयोजन 20, 21 और 22 दिसंबर को होगा।
साबिका चीफ इनकम टैक्स कमिश्नर सैयद मोहम्मद अशरफ मियां ने कहा कि बच्चों को दीन और दुनिया दोनों की तालीम देना बेहद जरूरी है। नायब सज्जादानशीन सैयद अमान मियां कादरी ने उर्स के सफल आयोजन में सहयोग के लिए नगर पालिका मारहरा, पुलिस प्रशासन और रेलवे स्टेशन मास्टर सहित सभी सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया। साथ ही मुल्क की सलामती, अमन-ओ-चैन और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए खास दुआ की गई।
इस अवसर पर सैयद मोहसिन मियां ने हजरत कासिम मियां की शान में मनकबत पेश की। मौलाना सगीर अहमद जोखनपुरी के साहबजादे सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए उलमा-ए-किराम ने भी अपने विचार रखे। इनमें मुबारकपुर के मुफ्ती मुहम्मद अहमद मिस्बाही, मऊ के मुफ्ती अब्दुल मुबीन नोमानी, रत्नागिरी के अब्दुल रहीम, संभल के मुफ्ती जाहिद सलामी तथा जामिया अशरफिया मुबारकपुर के मुफ्ती निजामुद्दीन सहित कई प्रमुख धार्मिक विद्वान शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन कारी इरफान बरकाती ने किया।
उर्स में नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना
उर्स-ए-कासमी के दौरान नगर पालिका मारहरा और पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी खूब सराहना हुई। देश-विदेश से आने वाले जायरीनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष शशिप्रभा के नेतृत्व में पालिका की टीम लगातार व्यवस्थाओं में जुटी रही।
मेला परिसर और आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सफाईकर्मियों की लगातार ड्यूटी लगाई गई। पेयजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए करीब आधा दर्जन वाटर टैंक रखवाए गए, जबकि जायरीनों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल से लेकर मेला परिसर तक कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग कराई गई।
वहीं, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस प्रशासन की भूमिका भी सराहनीय रही। मारहरा कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने उर्स के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जायरीनों ने नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों की सराहना की।
डिस्क्लेमर: यह समाचार उपलब्ध जानकारी एवं संबंधित स्रोतों पर आधारित है। किसी भी दावे या आरोप की पुष्टि संबंधित आधिकारिक पक्ष से की जानी चाहिए।
