100-100 फीट लंबी मालाएं पहनाने के लिए जुटे कई लोग, 500-500 रुपये के नए नोटों से बनी मालाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक अनोखी घुड़चढ़ी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक जीजा ने अपने दोनों सालों को ऐसा यादगार तोहफा दिया कि घुड़चढ़ी देखने पहुंचे लोग भी हैरान रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नए नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला पहनाई। करीब 100-100 फीट लंबी इन मालाओं को संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी। इस अनोखी घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मथुरा के सुरीर क्षेत्र स्थित नगला फोंदा गांव निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों के साथ होनी है।
जीजा ने दोनों सालों को दिया करोड़ों का तोहफा
घुड़चढ़ी की रस्म को खास बनाने के लिए राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोला निवासी उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने दोनों सालों को अनोखा उपहार देने का फैसला किया। उन्होंने 500-500 रुपये के नए नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला दोनों दूल्हों को पहनाई।
100 फीट लंबी मालाएं संभालने में छूटे पसीने
दोनों मालाओं की लंबाई करीब 100-100 फीट बताई जा रही है। मालाएं इतनी विशाल और भारी थीं कि उन्हें संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ लगना पड़ा। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को ये मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ इस अनोखे नजारे को देखती रही।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
आमतौर पर घुड़चढ़ी की रस्म में सालियों की ओर से दूल्हे से शगुन मांगे जाने की परंपरा देखने को मिलती है, लेकिन यहां जीजा ने ही अपने दोनों सालों को करोड़ों रुपये की मालाएं पहनाकर समारोह को यादगार बना दिया। लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। फिलहाल इस अनोखी घुड़चढ़ी और जीजा के खास तोहफे की चर्चा क्षेत्र में खूब हो रही है।
TIMES OF TAJ | समाचार एवं विचार
डिस्क्लेमर: यह समाचार प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।
