आगरा, 08 अक्टूबर 2025। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सीडीओ ने इस दौरान सभी विभागों से टीबी मरीजों को गोद लेने के निर्देश दिए और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से भी टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील की।
इस अवसर पर सीडीओ ने दस महिला टीबी मरीजों को गोद लिया और उन्हें पोषण पोटली प्रदान की। सीडीओ ने कहा कि इस पहल से मरीजों को मानसिक और भावनात्मक सहयोग मिलेगा और उनका उपचार समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
युवा भी निभाएंगे अहम भूमिका
बैठक में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी पर भी चर्चा हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि भारत सरकार के युवा कल्याण और खेल मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत काम करने वाले युवाओं को ‘निक्षय मित्र’ बनाया जाएगा। निक्षय मित्र टीबी रोगियों को गोद लेने, उपचार के दौरान दवाओं का सही सेवन कराना, भावनात्मक सहयोग देना और जागरूकता अभियान में हिस्सा लेने का कार्य करेंगे।
टीबी जागरूकता और पोषण योजना
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि युवा निक्षय मित्र इन्फोग्राफ़िक्स, उत्तरजीवी कहानियाँ और मिथक-तोड़ने वाले संदेशों के माध्यम से टीबी मरीजों और आम जनता को जागरूक करेंगे। एनएसएस दिवस, अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस और अन्य प्रमुख आयोजनों के दौरान ‘निक्षय शपथ’ समारोह भी आयोजित किए जाएंगे।
डीटीओ ने बताया कि युवा वर्ग को ओरिएंटेशन के माध्यम से टीबी उन्मूलन में सहयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, मुंह से खून आना, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, वजन कम होना, थकान, गर्दन में गांठ आदि लक्षण हैं, तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या निक्षय दिवस में जाकर जांच कराएं। टीबी का उपचार सरकार द्वारा मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है।
आगरा शहर की 13 वर्षीय निवासी खुशी गौतम ने बताया कि सीडीओ मैडम ने उन्हें पोषण किट प्रदान की और दवा समय पर लेने की सलाह दी। सीडीओ ने मास्क पहनने और पौष्टिक आहार लेने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर नेशनल ट्यूबरक्लोसिस एलिमिनेशन प्रोग्राम की टीम, डिप्टी डीटीओ डॉ. एसके राहुल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, अधीक्षक और अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#आगरा #टीबीउन्मूलन #निक्षयमित्र #सीडीओप्रतिभासिंह #स्वास्थ्यसमिति #टीबीमरीज #जवानोंकासहयोग #राष्ट्रीयटीबीउन्मूलन #स्वास्थ्यजागरूकता #पोषणयोजना

