आगरा: भारत सरकार द्वारा नवम्बर 2025 में प्रस्तावित विकसित भारत 2047 परियोजना के संबंध में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान देश के सभी प्रांतों के मुख्य सचिवों से सुझाव मांगे गए थे। इसमें जिलाधिकारी आगरा, श्री अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के सुझाव को चयनित किया गया है।
जिलाधिकारी बंगारी ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत प्रारंभिक बाल शिक्षा (ECCE), पोषण, मातृ एवं शिशु देखभाल पर बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए। चयनित सुझावों में आंगनवाड़ी केंद्रों की सुधार, प्रशिक्षित मानव संसाधन की कमी, कुपोषण और विभागों के बीच समन्वय की कमी जैसी चुनौतियों के समाधान शामिल हैं।
जिलाधिकारी बंगारी ने डिजिटल और स्मार्ट उपकरणों जैसे AI आधारित निगरानी, स्मार्ट लर्निंग किट्स और बेहतर प्रशिक्षण मॉडल अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने आगरा जिले में बाल वाटिका और लर्निंग लैब जैसी सफल पहलों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन मॉडलों को पूरे देश में लागू किया जा सकता है। यह मॉडल बजट के अनुकूल और टिकाऊ है।
भारत सरकार द्वारा डिजिटल वॉल ऑफ फेम तैयार की जाएगी, जिसमें जिलाधिकारी आगरा की फोटो सहित उनके चयनित सुझाव प्रदर्शित किए जाएंगे।

