इटावा से आगरा आई बालिकाओं को मिला अधिकारों और हेल्पलाइन का ज्ञान
आगरा। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को नई मजबूती देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत मिशन शक्ति टीम थाना पर्यटन ने सराहनीय पहल करते हुए इटावा से आगरा आई बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और जागरूकता से रूबरू कराया।
यह कार्यक्रम श्रीमान मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप तथा श्रीमान पुलिस आयुक्त महोदय, पुलिस कमिश्नरेट आगरा एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशन में आयोजित किया गया। संवादात्मक माहौल में बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे बिना भय के पुलिस और प्रशासन की सहायता कैसे प्राप्त कर सकती हैं।
बालिकाओं को 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्डलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी उन्हें अवगत कराया गया।
मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार मानने और किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत आवाज़ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जागरूकता उन्हें न केवल सुरक्षित महसूस कराती है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाती है।

