श्री श्याम मित्र मंडल के चार दिवसीय आयोजन में निर्धन कन्याओं का विवाह, भव्य निशान यात्रा, गौ सेवा व भजन संध्या
आगरा।“हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे” के नाम से विख्यात, भक्तों की प्रत्येक मनोकामना पूर्ण करने वाले श्री श्याम बाबा की भक्ति में ताज नगरी आगरा सराबोर होने जा रही है। श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल, लोहा मंडी द्वारा पहली बार एक चार दिवसीय भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्री श्याम प्रभु की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
इस आयोजन का पोस्टर विमोचन जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन में सम्पन्न हुआ।
श्री श्याम मित्र मंडल लोहा मंडी समिति के अध्यक्ष अभी जैन ने बताया कि 15 जनवरी को एक विशाल एवं भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो छोटा चौराहा, लोहा मंडी से प्रारंभ होकर श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवन मंडी तक जाएगी। निशान यात्रा में पीले वस्त्र धारण किए हुए भक्तगण “जय श्री श्याम” के जयघोष के साथ श्याम प्रभु की भक्ति में रंगे नजर आएंगे।
महामंत्री अमित अग्रवाल ने जानकारी दी कि 16 जनवरी को प्रातः 10 बजे से श्री कृष्ण गौशाला, शाहगंज में गौ सेवा के अंतर्गत दिव्य एवं भव्य 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन “गौ सेवा नारायण सेवा” के पावन संकल्प के साथ संपन्न होगा।
कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि 17 जनवरी को लोहा मंडी स्थित पुनियापड़ा पथवारी मंदिर में महिला मंडल द्वारा “श्री श्याम नाम की मेहंदी” का विशेष आयोजन किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी अखिल अग्रवाल ने बताया कि 18 जनवरी को दोपहर 12 बजे दो निर्धन कन्याओं का विवाह वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। साथ ही उनके गृहस्थ जीवन के लिए आवश्यक सामान भी भेंट किया जाएगा। यह विवाह समारोह जैन स्मृति भवन, जयपुर हाउस में आयोजित होगा।
श्री श्याम महिला मित्र मंडल की सक्रिय सहभागिता
चार दिवसीय इस आयोजन में पहली बार नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिलेगी। श्री श्याम महिला मित्र मंडल की अध्यक्ष पूजा राधे अग्रवाल ने बताया कि 18 जनवरी को सायं 5 बजे से श्री श्याम प्रभु की भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर के प्रसिद्ध श्याम भजन गायक अपनी भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां देंगे। इस अवसर पर श्री श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार, भव्य एवं दिव्य दरबार तथा इत्र सेवा भी की जाएगी।
इनकी रही मौजूदगी
पोस्टर विमोचन के अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, इंद्र खंडेलवाल, मनीष अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, प्रदीप जैन, मोहित अग्रवाल, अखिल अग्रवाल, आंचल, प्रिया, आशी, गुंजन, प्रियंका, प्रीति, नेहा, अनीता जैन, पूजा सचदेवा, विजय सोनी, अनुज गुप्ता, अमित गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

