फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट गंगा तट पर 3 जनवरी 2026 से माघ माह के दौरान मिनी कुंभ श्रीराम नगरिया मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले के चलते प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से गहरे पानी में स्नान रोकने के लिए बेरीकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। इसके साथ ही मौके पर कई चेतावनी बोर्ड और साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं।
इसके बावजूद कई श्रद्धालु सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी करते हुए बेरीकेडिंग पार कर गहरे पानी में स्नान करते नजर आ रहे हैं। इससे उनकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ है। वहीं कुछ युवक बेरीकेडिंग के पास खड़े होकर सेल्फी लेते हुए भी दिखाई दिए, जो सुरक्षा के प्रति लापरवाही को दर्शाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में श्रद्धालु काफी देर तक गहरे पानी में स्नान करते रहे, लेकिन इस दौरान फ्लड पीएसी की कोई टीम गश्त करती हुई या श्रद्धालुओं को रोकने के लिए मौके पर मौजूद नहीं दिखी। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा बलों की नियमित निगरानी और सख्ती न बरती गई, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि गंगा तट पर फ्लड पीएसी की तैनाती बढ़ाई जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

