Times of Taj Bureau | प्रयागराज
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। यह सुविधा 5 जनवरी 2026 से प्रभावी हो चुकी है।
परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था परीक्षा से जुड़े प्रश्नों, शंकाओं और तकनीकी दिक्कतों के समाधान के उद्देश्य से लागू की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े।
दो टोल-फ्री नंबर जारी
परिषद की ओर से जारी सूचना के अनुसार, छात्र-छात्राएं निम्नलिखित दो टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
1800-180-5310
1800-180-5312
इन नंबरों के माध्यम से परीक्षार्थी परीक्षा फार्म, प्रवेश पत्र, विषय चयन, परीक्षा कार्यक्रम, अंकपत्र, सुधार परीक्षा समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
अनुभवी कर्मचारियों की तैनाती
हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन के लिए परिषद ने अनुभवी कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की है, ताकि कॉल करने वाले छात्र-छात्राओं को सटीक, स्पष्ट और त्वरित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। परिषद का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
UP बोर्ड की इस पहल से लाखों परीक्षार्थियों को परीक्षा-2026 से जुड़ी परेशानियों के समाधान में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

