Times of Taj Bureau | मेरठ
मेरठ जनपद में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में व्यापारियों के हितों को लेकर व्यापक पक्ष परिचर्चा की गई। बैठक में प्रदेश भर से आए व्यापारियों और पदाधिकारियों ने मौजूदा नीतियों, विभागीय उत्पीड़न और व्यापारिक चुनौतियों पर खुलकर अपनी बात रखी।

खाद्यान्न में जहरीले तत्वों पर चिंता
बैठक में व्यापारियों ने खेतों में हानिकारक दवाओं और रसायनों के अत्यधिक प्रयोग पर गंभीर चिंता जताई। उनका कहना था कि इसका सीधा असर अनाज पर पड़ रहा है, जिसमें जहरीले तत्व पाए जा रहे हैं।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सैंपलिंग विभाग छापेमारी के नाम पर व्यापारियों को डराता है और उत्पीड़न करता है।
जिला स्तर पर सरकारी लैब की मांग
व्यापारी समाज ने मांग की कि प्रत्येक जिले में सरकारी जांच लैब स्थापित की जाए, जहां व्यापारी बिना किसी शुल्क के अपने मंगाए गए माल की जांच करा सकें।
सरकार द्वारा जारी प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) व्यापारी के पास होना चाहिए, ताकि बाद में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।
स्वास्थ्य बीमा, पेंशन और सुरक्षा की मांग
बैठक में यह भी मांग उठी कि—
व्यापारियों को स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी जाए
60 वर्ष से अधिक आयु के व्यापारियों को पेंशन का लाभ मिले
जीएसटी में मृत्यु के बाद बीमा राशि की तरह अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं लागू हों
अतिक्रमण और विभागीय उत्पीड़न पर नाराज़गी
व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि अतिक्रमण के नाम पर उत्पीड़न बंद होना चाहिए।
साथ ही मांग की गई कि सैंपलिंग विभाग किसी भी छापेमारी से पहले स्थानीय बाजार समिति और क्षेत्रीय व्यापार मंडल को साथ लेकर चले।
छोटे व्यापारियों के लिए कानूनों में राहत
बैठक में निम्न मांगों पर जोर दिया गया—
जीएसटी कानूनों में हुए सभी बदलावों का छोटे व्यापारियों तक प्रचार-प्रसार
छोटे व्यापारियों के हित में ऑनलाइन होम डिलीवरी शॉपिंग पर प्रतिबंध
श्रम कानूनों में राहत देते हुए सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे दुकान खोलने की अनुमति, विशेष रूप से हलवाई, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास दुकान चलाने वालों के लिए
बाट एवं माप विभाग के लाइसेंस की अवधि 1 वर्ष से बढ़ाकर 3 वर्ष की जाए
व्यापारियों को विधायी प्रतिनिधित्व की मांग
व्यापारी समाज ने यह भी मांग उठाई कि—
व्यापारियों को विधान परिषद में सदस्यता के लिए कोटा दिया जाए
राज्यसभा में भी व्यापारियों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए
संगठन को मजबूत करने के निर्देश
प्रांतीय अध्यक्ष श्री लोकेश अग्रवाल जी ने सभी व्यापारी भामाशाहों को अपने-अपने जिले और महानगरों में बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि—
महानगर अध्यक्ष विभिन्न व्यावसायिक संस्थाओं को जोड़ें
जिला बैठकों में सभी तहसील अध्यक्ष और पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें
तीन महीने के भीतर संयुक्त बैठक आयोजित की जाए
महानगर एवं जिला युवा, महिला अध्यक्ष, प्रभारी और सभी व्यापार समितियों के अध्यक्षों को संगठन से जोड़ा जाए
हर संघर्ष के लिए तैयार व्यापारी संगठन
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश व्यापारियों के हक और सम्मान के लिए हर संघर्ष के लिए तैयार रहेगा।
अंत में बैठक में उपस्थित सभी प्रांतीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया गया।

