प्रदेश में यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने 18 जिलों को संवेदनशील घोषित करते हुए वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सामूहिक नकल, पेपर लीक की आशंका और कानून-व्यवस्था के आधार पर जिन जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है, उनमें
आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा शामिल हैं।
🔴 संवेदनशील जिलों में सख्त निर्देश
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन जिलों में परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा से पहले अनिवार्य बैठक आयोजित कर नकलविहीन परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करें।
🔴 डीएम की सीधी जिम्मेदारी
जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के समन्वय से परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यूपी बोर्ड का यह फैसला यह संकेत देता है कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया में ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी।

