मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार ने दूध में ज़हर मिलाकर उसका सेवन किया।
यह मामला महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव का है। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य सुबह देर तक घर से बाहर नहीं निकले। पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी और तीनों बच्चों के शव पड़े मिले। शवों के पास दूध से भरे गिलास भी बरामद हुए हैं।
मृतकों की पहचान मनीष (35), उनकी पत्नी सीमा (32), दो वर्षीय बेटे प्रतीक और बेटियों हनी (5) तथा प्रियांशी (4) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की गहन जांच की जा रही है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

