आगरा,दीपावली पर्व से पहले स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जीआईसी मैदान, पंचकुइयाँ, आगरा में यूपी ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जनपद के जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार चाहर, एवं जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के शुभारंभ में संस्कृति विभाग के कलाकारों ने गणेश वंदना और दुर्गा स्तुति पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर व पौधा भेंट कर स्वागत किया।

स्थानीय उत्पादों को मिला मंच
सीडीओ प्रतिभा सिंह ने बताया कि यह मेला, गौतमबुद्ध नगर में आयोजित यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (25-29 सितम्बर) की सफलता के बाद आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 85 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था और 1000 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब प्रदेश के सभी 75 जनपदों में इसी तरह के स्वदेशी मेले आयोजित किए जा रहे हैं।

आगरा में आयोजित इस मेले में 80 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं — जिनमें हस्तशिल्प, कारीगरी, स्थानीय उद्यम, और मुख्यमंत्री युवा विकास उद्यमी योजना से जुड़ी इकाइयाँ शामिल हैं।
खादी, मार्बल, लेदर प्रोडक्ट्स, आगरा का पेठा, मैनपुरी की जरी-जरदोजी, मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, लखनऊ की चिकनकारी, और मथुरा की ठाकुर जी की पोशाकें विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।

‘दीपावली पर स्वदेशी अपनाएँ’ — बेबी रानी मौर्य
मुख्य अतिथि श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने कहा —
“इस मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से यह आयोजन जनपद स्तर पर किया जा रहा है ताकि स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिले। दीपावली के पर्व पर हम सभी स्वदेशी वस्तुएँ अपनाएँ और जीएसटी में कमी का लाभ उठाएँ।”
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे परिवार सहित मेला देखने आएँ और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करें।

एमएसएमई ही भारत की रीढ़ — प्रो. एस.पी. सिंह बघेल
केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति का मार्ग एमएसएमई क्षेत्र से होकर गुजरता है।
“हर जनपद के पास एक विशिष्ट उत्पाद है — आगरा का पेठा और लैदर, फिरोजाबाद की चूड़ियाँ, मैनपुरी की तारकशी, हाथरस की हींग, कन्नौज का इत्र — यही ‘एक जिला एक उत्पाद (ODOP)’ योजना की सफलता की कुंजी है।”
उन्होंने आमजन से मेले में अधिक से अधिक खरीदारी कर स्थानीय उद्योगों को सशक्त बनाने की अपील की।

अधिकारी और प्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, डीसी मनरेगा रामायण यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय, व पीडीडीआरडीए रेनू कुमारी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

मेला 18 अक्टूबर तक चलेगा
स्वदेशी उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शनी हेतु आयोजित यह यू.पी. ट्रेड शो–2025, स्वदेशी मेला 9 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक जीआईसी मैदान, आगरा में प्रतिदिन खुला रहेगा।

#UPTradeShow2025 #Agra #SwadeshiMela #BabyRaniMaurya #ODOP #MSME #VocalForLocal #Diwali2025

