आगरा, ताजमहल देखने आए केरल के कालीकट जनपद निवासी 75 वर्षीय पर्यटक कुट्टियाली अपने समूह से बिछड़ गए। ताजमहल भ्रमण के बाद जब वे अपने ग्रुप को नहीं ढूंढ पाए तो उन्होंने पश्चिमी गेट पर मौजूद ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलकराम भाटी के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, रेडियो अनाउंसमेंट कराया गया और आरटी सेट के माध्यम से संदेश प्रसारित किया गया।
पुलिस के प्रयासों से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पर्यटक के साथियों को पश्चिमी पार्किंग क्षेत्र से खोज लिया गया और कुट्टियाली को उनके समूह से सकुशल मिला दिया गया।
अपने समूह से मिलकर पर्यटक बेहद खुश नजर आए और उन्होंने आगरा पुलिस की तत्परता व मदद के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अभियान में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, उपनिरीक्षक आशना बी, उपनिरीक्षक शिवभान सिंह एवं मुख्य आरक्षी विजय प्रताप यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

