कासगंज। कस्बा सहावर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर सोमवार देर शाम भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया और पूरे कस्बे का माहौल “जय भीम” के नारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक हरिओम वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष नाशी खान और पूर्व जिला अध्यक्ष केपी सिंह ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।

इस अवसर पर चेयरमैन नाशी खान ने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय और समानता की जो नींव रखी, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वंचित और शोषित वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में डॉ. अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है, और उनके सपनों को साकार करने के लिए सभी को संकल्प लेना चाहिए।
शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों के माध्यम से बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान को दर्शाया गया। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने इसे देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
अंबेडकर जन्मोत्सव समारोह समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों को ‘जय भीम’ पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर हरपाल सिंह, नीरज कुमार, राजकुमार, रुस्तम सिंह, पूरन सिंह, जय सिंह, डॉ. पवन साहू, अभिषेक तोमर, रामकिशोर वार्ष्णेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

